भारी बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे डीएम, संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
देहरादून, 09 जुलाई 2026। रेड अलर्ट और लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को सहस्रधारा, कार्लीगढ़ और सपेरा बस्ती का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

सहस्रधारा–सरोना मोटर मार्ग चार स्थानों पर मलबा आने से बंद होने पर डीएम ने दोनों ओर से जेसीबी लगाकर मार्ग को जल्द सुचारू करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क के स्थायी ट्रीटमेंट के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने की बात कही।
कार्लीगढ़ में नदी पार रहने वाले परिवारों के लिए राशन, पेयजल, बिजली और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सपेरा बस्ती में असुरक्षित मकानों को खाली कराने, सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र पूरे करने और अलर्ट सिस्टम मजबूत करने के आदेश दिए।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार जनपद में 25.75 मिमी वर्षा दर्ज की गई। यमुना नदी खतरे के निशान पर बह रही है, जबकि भूस्खलन के कारण हरिपुर–इच्छाड़ी–कुवानु–मीनास राज्य मार्ग सहित 14 ग्रामीण सड़कें प्रभावित हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखते हुए राहत कार्य तेज कर दिए हैं।
