• Tue. Nov 17th, 2026

दून किंग राइडर और सुपर किंग्स की शानदार जीत

विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट:

मनीष डंगवाल ने 51 गेंदों में नाबाद 84 रन जड़कर सुपर किंग्स को दिलाई सात विकेट से जीत

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में दून किंग राइडर और दून सुपर किंग्स ने शानदार जीत दर्ज की। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में खेले गए पहले मुकाबले में दून किंग राइडर ने दून ब्लास्टर्स को चार विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में दून सुपर किंग्स ने दून सुपर टाइटंस को सात विकेट से शिकस्त दी।

पहले मुकाबले में दून ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 126 रन बनाए। कप्तान शिवेश शर्मा ने 37 गेंदों में 46 और हर्ष उनियाल ने 15 गेंदों में 23 रन बनाए। दून किंग राइडर की ओर से साकेत पंत और अनिल डोगरा ने दो-दो विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून किंग राइडर की टीम ने 19.5 ओवर में छह विकेट खोकर 128 रन बनाते हुए जीत हासिल की। अभिषेक कुमार ने 29 और मनमोहन शर्मा ने 20 रन का योगदान दिया।

दूसरे मुकाबले में दून सुपर टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 114 रन बनाए। विकास गुसाईं ने 42 और संजय घिल्डियाल ने 21 रन की पारी खेली। सुपर किंग्स की ओर से मनीष डंगवाल ने तीन और अभय कैंतुरा ने दो विकेट हासिल किए।

जवाब में दून सुपर किंग्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 13.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया। मनीष डंगवाल ने 51 गेंदों में नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान सुरेंद्र डसीला 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। सुपर टाइटंस की ओर से प्रकाश भंडारी ने दो विकेट लिए।

इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, खेल संयोजक सोबन गुसाई, सह संयोजक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र डंगवाल (पार्थ), मनमोहन लखेड़ा, क्लब सदस्य वीके डोभाल, राजेंद्र उनियाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *