देहरादून। मसूरी विंटरलाइन कार्निवाल-2026 को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्निवाल के दौरान पर्यटकों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मसूरी के ऐतिहासिक स्मारकों एवं भवनों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें कार्निवाल के कार्यक्रमों से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कार्निवाल के माध्यम से पर्यटकों को मसूरी और उत्तराखंड के इतिहास, लोक परंपराओं, संस्कृति, लोककला और स्थानीय व्यंजनों से रूबरू कराया जाए। इसके लिए अन्य पर्यटन क्षेत्रों में आयोजित सफल कार्निवालों का अध्ययन कर बेहतर गतिविधियों को भी शामिल किया जाए।
डीएम ने कहा कि विंटरलाइन कार्निवाल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय होटल कारोबारियों, व्यापारियों, परिवहन सेवा प्रदाताओं और कलाकारों के लिए रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यटक हितैषी बनाया जा सके।
