• Fri. Oct 2nd, 2026

गांधी-शास्त्री जयंती पर सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश


देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को देहरादून सहित पूरे जिले में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जिला कार्यालय परिसर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान बापू के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके सादा जीवन, उच्च विचार और मानवता के संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार ने गांधीजी के अहिंसा और राष्ट्रसेवा के विचारों को याद किया। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने स्वच्छता के प्रति गांधीजी की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया गया। उनकी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अनुकरणीय बताते हुए ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *