• Sun. Mar 29th, 2026

फाइनल में पहुंचे दून सुपर किंग व दून डेयर डेविल्स


सेमीफाइनल में दून सुपरकिंग ने दून कैपिटल को हराया, अजय राणा बने मैच के हीरो

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित अंतर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में दून सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दून कैपिटल्स को 9 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 30 मार्च को दून सुपरकिंग व दून डेयर डेविल्स के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए दून कैपिटल्स की टीम 16 ओवर में 86 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसके जवाब में दून सुपर किंग्स ने मात्र 9.3 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
दून कैपिटल्स की ओर से सोबन सिंह गुसाईं ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि प्रवीण नेगी (9 रन), अजय भट्ट (8 रन) और अनिल डोगरा (8 रन) ने योगदान दिया। दून सुपर किंग्स की ओर से गेंदबाजी में अजय राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा दीपक पुरोहित और मनीष डंगवाल ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि हर्ष उनियाल को भी 2 विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करते हुए दून सुपर किंग्स की शुरुआत मजबूत रही। शैलेन्द्र सेमवाल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि मनीष डंगवाल (नाबाद 20 रन) और संजय नेगी (नाबाद 15 रन) ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
आज के मैच के मैन ऑफ द मैच अजय राणा रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। मुख्य अतिथियों द्वारा उन्हें संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। आज के मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक, देहरादून एस.वी. यादव, राज्य आंदोलनकारी व पूर्व छात्र नेता सहेन्द्र सिंह बिष्ट एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गिरीश गोयल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एस.वी. यादव ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास का भी माध्यम है और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और ऊर्जा का संचार करती हैं। वहीं राज्य आंदोलनकारी व पूर्व छात्र नेता सहेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में खेलों की अपार संभावनाएं हैं और प्रेस क्लब द्वारा इस तरह के आयोजन सराहनीय हैं, जो समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब आगे भी इस प्रकार के खेल आयोजनों के माध्यम से पत्रकारों को एक मंच प्रदान करता रहेगा तथा खेल भावना को बढ़ावा देता रहेगा।
कमेट्री राजेश बहुगुणा व मनमोहन सिंह पंवार ने निभाई, वहीं अंपायर की भूमिका में पंकज कश्यप व दीपक कश्यप व स्कोरर शुभम कुखशाल एवं लाइव स्टीमर में दीपक रॉय मौजूद रहे। खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाई ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मैच 30 मार्च सोमवार को प्रातः 10 बजे से खेला जाएग।
इस अवसर पर प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल, खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, मनबर सिंह रावत, मनोज जयाड़ा, हिमांशु जोशी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *