देहरादून। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनसे आत्मीयता से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं हैं, जिन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिन का सबसे विशेष उपहार है।
