• Thu. Sep 10th, 2026

15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण, नवाचार और जनभागीदारी पर रहेगा फोकस,


देहरादून। जिले में 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से आमजन को जोड़ने के साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत ‘भारत 2047’, ‘सेवा और सपना’, ‘नमो 25 गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘25 साल-25 कहानियां’ और ‘जन कल्याण संवाद’ जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। शिक्षण संस्थानों में निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताएं, बहुभाषी नाटकों का मंचन तथा युवाओं के लिए हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं ‘प्रोजेक्ट 25-25-25’ के तहत नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 25 मिनट स्वच्छता, वृक्षारोपण और डिजिटल साक्षरता जैसी गतिविधियों के लिए समर्पित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
17 सितंबर को ‘रंगोली राष्ट्र’ और 7 से 17 अक्टूबर तक ‘प्रगति के 25 स्तंभ’ कार्यक्रम के जरिए उत्तराखंड की विकास यात्रा और प्रमुख परियोजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ पर रिले मैराथन भी आयोजित होगी।
अभियान के दौरान चिकित्सा एवं बहुद्देशीय शिविर, रक्तदान, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरण और मरीजों को फल वितरण जैसी गतिविधियां भी होंगी। वहीं 2 अक्टूबर को गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर स्वदेशी, खादी और ‘वोकल फॉर लोकल’ को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *