• Sat. Apr 19th, 2025

अन्याय सहन करना भी सबसे बड़ा पाप है: ममगाईं


देहरादून।
भगवान श्रीकृष्ण व श्री राम का अवतार धर्म की रक्षा, पाप और अधर्म का नाश करने के लिए हुआ है। आज उनके अनुयायियों को दूषित विचारों, पापों, अनाचार के उन्मूलन के लिए आगे आना ही चाहिए ।उक्त विचार ज्योतिषपीठ व्यास आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं जी ने टिहरी नगर दून यूनिवर्सिटी रोड देहरादून में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में व्यक्त किये।

कथा का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि कंस तथा नरकासुर आदि विद्रोहियों ने तमाम नैतिक मूल्यों की अवहेलना कर अधर्म का वातावरण बना दिया था। नरकासुर ने सोलह हजार मासूम कन्याओं को कारागार में डाल दिया था। भगवान श्रीकृष्ण ने इस चुनौती को स्वीकार कर कारागार से कन्याओं को मुक्त कराकर उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान की।

भगवान श्रीराम ने अहिल्या का उद्धार किया तथा प्रेरणा दी कि कोई भी महिला अभिशापित नही रहनी चाहिए। हमे उनसे प्रेरणा लेकर नारियों को आदर देने, रक्षा करने तथा उनका उत्पीड़न करने वालों को सबक सिखाने का संकल्प लेना चाहिए।

भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन से स्पष्ट कहा था कि अन्याय करना ही नही अन्याय सहन करना भी सबसे बड़ा पाप है। आज शस्त्र उठाने का समय नही है, किंतु हमे धर्म विद्रोहियों के विरुद्ध आवाज तो उठानी ही चाहिए ।

भगवान श्रीकृष्ण ने बालपन में ही कंस को मामा होते हुए भी चुनौती दी थी। तथा सबसे पहले उसके मुकुट पर प्रहार किया था मुकुट पर प्रहार का तात्पर्य था कि आज तमाम अन्यायी राजा सावधान हो जायें कि अब कृष्ण किसी भी राजा का अत्याचार सहन करने वाले नही है। उनका परिणाम भी कंस की तरह होगा शास्त्रों में इसीलिए वीर भोग्या वसुंधरा कहा गया है। दुर्जन प्रार्थनाओं से नही शक्ति से झुकता है।
आचार्य श्री ने आशीर्वाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बड़ी बड़ी पूजा उपासना अनुष्ठान जिस कार्य को नही कर सकते आशीर्वाद का कवच उसे कर सकता है। रावण ने महादेव से वर मांगे आशीर्वाद नही। हिरण्यकश्यप ने भी वर प्राप्त किये इन दोनों का क्या परिणाम हुआ यह सब जानते हैं ।

द्रोपदी ने भीष्म पितामह से आशीर्वाद मांगा अतः वह सौभग्यशाली रही। उन्होंने कहा कि बच्चो को शुरू से ही माता पिता गुरु अग्रज अतिथियों को प्रणाम करने चरण स्पर्श करने की प्रेरणा दी जानी चाहिए !!

इस अवसर पर मुख्य रूप से विशाल मणि भट्ट, विवेक भट्ट, कृतिका भट्ट, ममता भट्ट, रुद्रा देवी, प्रज्वल भट्ट, मधुसूदन भट्ट, विजयलक्ष्मी, धीरवान मंडल अध्यक्ष अशोक राज पंवार महामंत्री, संतोष सती उपाध्यक्ष, सरिता रावत और अनु शर्मा मीडिया प्रभारी, विनीता देवली, सोनिया विष्ट, रोशनी, सरोजनी सेमवाल, नीता रावत, राहुल नेगी, जगदीश प्रसाद सिलोड़ी मंडल अध्यक्ष भाजपा, राजेन्द्र डिमरी उप सचिव, प्रदीप मेहता सेमवाल आदि भक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *